वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन में लगी जेसीबी जब्त

तपकरा परिक्षेत्र के कोल्हेनझरिया परिसर में वन विभाग ने की कार्रवाई, सड़क निर्माण के दौरान वन क्षेत्र से मिट्टी उत्खनन का मामला
तपकरा। वनमण्डल जशपुर के तपकरा परिक्षेत्र अंतर्गत कोल्हेनझरिया परिसर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान वन क्षेत्र से कथित रूप से अवैध तरीके से मिट्टी उत्खनन किए जाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के लिए वन विभाग की अनुमति धारा 3(2) के अंतर्गत निर्धारित शर्तों के अनुसार कार्य किया जाना था। आरोप है कि संबंधित जेसीबी संचालक/मालिक कमल यादव द्वारा निर्धारित 3.75 मीटर सड़क चौड़ाई के अनुरूप कार्य न करते हुए सड़क के शोल्डर निर्माण के लिए वन क्षेत्र से मिट्टी उठाकर उत्खनन किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद उक्त कार्य को अनुमति की निर्धारित सीमा से बाहर पाया गया। इसके पश्चात विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। जब्त जेसीबी को आवश्यक कार्रवाई एवं आगामी प्रक्रिया के लिए उच्च कार्यालय को भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्राधिकारी तपकरा प्रवीण वर्मा, परिक्षेत्र सहायक गोबिंद राम यादव, बीएफओ नंदकुमार यादव, अमित कुमार पाणिग्राही, विजय टांडे नरेश कुजूर, अरविंद, रामकृष्ण, अनिल प्रधान सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
वन विभाग की इस कार्रवाई से वन क्षेत्र में अनधिकृत उत्खनन एवं निर्माण कार्यों को लेकर विभाग की निगरानी और सख्ती का संदेश गया है।



