छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बनी दिव्यांगों के लिए सहारा, अजय को मिली मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। रायगढ़ जिले के विकासखंड लैलूंगा के ग्राम दर्रीपारा-गहनाझरिया निवासी दिव्यांग अजय शंकर चौहान इसका प्रेरक उदाहरण हैं, जिन्हें हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के बाद समाज कल्याण विभाग ने मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई।

दिव्यांगता के कारण अजय शंकर चौहान को दैनिक कार्यों के साथ-साथ आवागमन में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने अपनी समस्या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही उप संचालक, समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा प्रकरण का परीक्षण कराया गया, पात्रता संबंधी औपचारिकताएं पूरी की गईं और उन्हें मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई।

मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल मिलने के बाद अजय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे अपने दैनिक कार्य पहले की तुलना में अधिक सहजता से कर सकेंगे। साथ ही, आने-जाने के लिए दूसरों पर उनकी निर्भरता भी काफी हद तक कम हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता ने उनके जीवन को नई सुविधा और आत्मविश्वास प्रदान किया है।

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

चार स्तरीय व्यवस्था से सुनिश्चित होता है त्वरित समाधान

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए चार स्तरीय व्यवस्था लागू है। सबसे पहले शिकायत का समाधान ब्लॉक स्तर पर किया जाता है। निर्धारित समय में निराकरण नहीं होने पर प्रकरण स्वतः जिला स्तर, इसके बाद संभागीय/निदेशालय स्तर और अंततः सचिव अथवा विभागाध्यक्ष स्तर तक पहुंचता है। इस व्यवस्था से प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय होती है और शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण की सतत निगरानी सुनिश्चित होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!